बरेली। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इज्जतनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करा दिया। ग्राम कंजादासपुर और धौरेरामाफी में करीब 22 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के प्लॉटिंग कराई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क, भूखंडों की निशानदेही और बाउंड्रीवॉल समेत अन्य निर्माणों को ध्वस्त कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अवैध निर्माण के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मंडलायुक्त शंभू कुमार (आईएएस) की प्रेरणा और बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय (आईएएस) के निर्देशन में प्रवर्तन टीम ने यह अभियान चलाया।
प्राधिकरण के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम कंजादासपुर, थाना इज्जतनगर में सिराज द्वारा करीब छह हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर की गई। इसके अलावा ग्राम धौरेरामाफी में रजनीश कुमार द्वारा करीब तीन हजार वर्ग मीटर, सत्यपाल द्वारा आठ हजार वर्ग मीटर और रवि पटेल द्वारा पांच हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
इन सभी स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवॉल बनाने का काम कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर बीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
अवैध प्लॉटिंग में निवेश न करें लोग : बीडीए उपाध्यक्ष
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शहर का विकास सुनियोजित तरीके से कराया जा रहा है। किसी भी नागरिक की मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों में न फंसे, इसके लिए प्राधिकरण लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में सड़क, सीवर और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है। ऐसे में भूखंड खरीदने वालों का निवेश भी जोखिम में पड़ सकता है। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र की करें जांच
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड या भवन को खरीदने से पहले संबंधित मानचित्र की स्वीकृति अवश्य जांच लें।
बीडीए का अवैध कॉलोनियों पर बड़ा प्रहार, 22 हजार वर्ग मीटर में विकसित हो रहीं चार कॉलोनियां ध्वस्त

6.3K views

























































































