बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में झंडी पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इसके साथ ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की आमद तेज हो गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली, टेंपो और निजी वाहनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेला स्थल पर पहुंचकर अपने तंबू लगाने में जुट गए हैं। धीरे-धीरे गंगा तट पर तंबुओं का शहर बसने लगा है। 23 नवंबर को दोपहर एक बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु हर-हर गंगे और निर्मल गंगे के जयघोष के साथ गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे। मेले की तैयारियों को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारी लगातार मेला स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। संबंधित विभागों के कर्मचारियों को समयबद्धता और जिम्मेदारी के साथ सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, आवागमन, पेयजल, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। 23 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि का बैंड-बाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद स्काउट कैंप, ब्रह्माकुमारी प्रजापिता कैंप और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का उद्घाटन होगा। दोपहर दो बजे सांस्कृतिक पंडाल में मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला 25 नवंबर तक दिन और देर रात तक जारी रहेगा।
मां ककोड़ा देवी और मां गंगा की आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण
वेद मंत्रों के उच्चारण और शंखनाद के बीच हुआ पूजन, श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर की लोककल्याण की कामना
मेला ककोड़ा में धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में मां ककोड़ा देवी मंदिर में मां ककोड़ा देवी और मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य आरती की गई। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। सभी ने मां गंगा से लोककल्याण, सुख-समृद्धि और जनमानस के मंगल की कामना की।गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। मंदिर के महंत धर्मगिरि महाराज ने मां ककोड़ा देवी का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मां की आरती उतारी और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में गूंजते वैदिक मंत्रों, शंखनाद और घंटों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिरस से सराबोर हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। मिनी कुंभ मेले में धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से गंगा तट पर भक्ति और आस्था का माहौल बनने लगा है।


























































































