मुख्य समाचार पर जाएँ
Wednesday, 18 November 2026
SKS24NEWSNational Hindi Digital News Networkख़बर वही, जो सच बताए!
देश की आवाज़स्थानीय खबरें · राजनीति · शिक्षा · खेल
🌙 20.5 °C साफ · बदायूँ
🥇 सोना ₹1,46,220.00 / 10 ग्राम
🥈 चांदी ₹2,20000/ किलो
सुर्खियाँ
Uttar Pradesh

सेक्युलर सियासत की मिसाल बने आबिद रजा, नामकरण के जरिए दिया सर्वधर्म सम्मान और भाईचारे का संदेश

November 18, 2026By admin0 comments
👁 6.5K views
WhatsAppImage2026-02-15at42216PM1
previous arrow
next arrow

बदायूं। सियासत में अक्सर जाति और धर्म के आधार पर समीकरण साधने की कोशिशें देखने को मिलती हैं, लेकिन पूर्व मंत्री आबिद रजा ने बदायूं शहर के विकास और महापुरुषों के सम्मान से जुड़ा ऐसा प्रस्ताव सामने रखा है, जिसमें सभी धर्मों और समाजों को बराबर प्रतिनिधित्व देने की पहल की गई है। उनके इस कदम में सेक्युलर सोच, गंगा-जमुनी तहजीब और सर्वधर्म समभाव की झलक दिखाई देती है। आबिद रजा ने नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा को पत्र लिखकर शहर के 18 मार्गों और चौकों का नामकरण विभिन्न धर्मों, जातियों और समाजों के महापुरुषों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के नाम पर कराने की मांग की है। इस प्रस्ताव की खास बात यह है कि इसमें किसी एक वर्ग या समुदाय को प्राथमिकता देने के बजाय हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के महापुरुषों को सम्मान देने का प्रयास किया गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल, महर्षि वाल्मीकि, गुरु नानक देव, महर्षि कश्यप, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत गाडगे जैसे महान व्यक्तित्वों के नाम शामिल कर आबिद रजा ने सामाजिक एकता और साझा विरासत का संदेश देने की कोशिश की है। पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि बदायूं की धरती ने राजनीति, साहित्य, चिकित्सा, शिक्षा, धर्म और समाजसेवा के क्षेत्र में अनेक ऐसी विभूतियां दी हैं, जिनका योगदान हमेशा याद किया जाना चाहिए। शहर के मार्गों, चौराहों और द्वारों का नामकरण उनके नाम पर होने से नई पीढ़ी भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित हो सकेगी। उन्होंने नगर पालिका चेयरमैन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

ReferralCodeLLVR11
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-12-28at122820
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2024-06-13at122213
previous arrow
next arrow

महापुरुषों के नाम पर 18 मार्गों और चौकों का प्रस्ताव

आबिद रजा ने इंदिरा चौक से वतागंज तिराहे तक सरदार वल्लभभाई पटेल मार्ग, लोटनपुरा मोड़ से वाल्मीकि स्कूल तक महर्षि वाल्मीकि मार्ग, जोगीपुरा गुरुद्वारे से लावेला चौक तक गुरु नानक देव मार्ग और लालपुल से कचहरी तक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव मार्ग बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसी तरह श्रीरामनगर चौराहे पर महर्षि कश्यप चौक, लावेला चौक से कचहरी तक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, मढ़ई चौक से शास्त्री चौक तक कृष्ण स्वरूप मार्ग और कोतवाली से होली चौक तक पद्मभूषण गुलाम मुस्तफा मार्ग नामकरण की मांग की गई है। ओवरब्रिज तिराहे से डीएम चौराहे तक डॉ. मुकेश जौहरी मार्ग, सुभाष चौक से पार्वती कन्या इंटर कॉलेज तक चित्रगुप्त मार्ग, इंदिरा चौक से रेलवे स्टेशन तिराहे तक डॉ. विलियम बटलर मार्ग और पथिक चौक से मीराजी की चौकी तक प्रकाशी मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेज से घंटाघर स्थित शकील पार्क तक डॉ. हफीज मार्ग, जुम्मी चौक से शकील पार्क तक मौलवी यूनूस अली मार्ग, बीड़ी 92 की कोठी से जुम्मी चौक तक फखरे आलम मार्ग, चामुंडा चौक से मीरासराय तक पूर्व सांसद असरार साहब मार्ग और शिशु मंदिर से श्रीरामनगर वाली गली तक एकलव्य मार्ग बनाने की मांग की गई है।

साहित्यिक और सामाजिक विभूतियों को भी मिले सम्मान

आबिद रजा ने शहर के ऑडिटोरियम का नाम विख्यात कवि उर्मिलेश और मशहूर शायर शकील बदायूंनी के नाम पर ‘उर्मिलेश-शकील ऑडिटोरियम’ रखने का सुझाव दिया है। वहीं लालपुल पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मीराजी की चौकी पर संत गाडगे की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है। गांधी ग्राउंड के उत्तरी गेट का श्यामलाल गेट के नाम से पुनर्निर्माण कराने तथा पूर्वी गेट का शब्बीर गेट के नाम से पुनर्निर्माण कराने का प्रस्ताव भी पत्र में शामिल किया गया है।

धर्म से ऊपर उठकर सभी समाजों को सम्मान देने की पहल

आबिद रजा के इस प्रस्ताव का राजनीतिक और सामाजिक महत्व इसलिए भी है कि इसमें धर्म और जाति की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी समाजों के महापुरुषों को सम्मान देने की भावना दिखाई देती है। एक ओर सरदार पटेल, महर्षि वाल्मीकि, गुरु नानक देव और महर्षि कश्यप को स्थान दिया गया है तो दूसरी ओर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, पद्मभूषण गुलाम मुस्तफा, मौलवी यूनूस अली और फखरे आलम जैसी हस्तियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। इस तरह पूर्व मंत्री ने बदायूं की राजनीति में सेक्युलर विचारधारा और गंगा-जमुनी तहजीब को केंद्र में रखकर सर्वसमाज को जोड़ने का संदेश देने की पहल की है। उनका यह प्रस्ताव केवल मार्गों और चौराहों के नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की साझा सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को सम्मान देने की सोच भी सामने रखता है। अब देखना होगा कि नगर पालिका परिषद इन प्रस्तावों पर कब और किस रूप में अमल करती है।

WhatsAppImage2024-10-20at41111PM1
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-04-17at53854PM4
previous arrow
next arrow

यह भी पढ़ें

Home
Live TV
VIDEO NEWS
+ Create
Verified by MonsterInsights