बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रजत गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी 16 नवंबर की रात करीब 9:27 बजे रेलवे स्टेशन के पास से की गई। पुलिस के मुताबिक, एक अगस्त 2022 को मढ़ीनाथ निवासी भूपेंद्र सिंह के घर में छत के रास्ते घुसकर बदमाशों ने लूटपाट की थी और मोटरसाइकिल यूपी 25 बीएफ 3847 समेत अन्य सामान लूट लिया था। इस मामले में सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रजत फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच नवंबर को एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई लखन, भोला और आकाश के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि लूट में उसे 40 हजार रुपये मिले थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर वर्ष 2018 से अब तक लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। तमंचा बरामदगी के संबंध में भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।