बदायूं। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर दातागंज मार्ग स्थित श्रीमद् ब्रह्मदत्त गोशालाधाम में 13वें भव्य गौपूजन एवं गौमहाआरती दिव्य महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान गोप्रेमियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। देव यज्ञ, गौपूजन, भजन-कीर्तन और भव्य गौमहाआरती से पूरा गोशालाधाम भक्तिमय हो उठा। महोत्सव का विशेष आकर्षण बीमार एवं घायल गोवंश के प्राथमिक उपचार के लिए प्रस्तावित सुदामा गोवंश चिकित्सालय का शिलान्यास रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव यज्ञ एवं हवन के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने गोप्रेमियों की उपस्थिति में सुदामा गोवंश चिकित्सालय का शिलान्यास किया।इस अवसर पर सदर विधायक ने कहा कि बीमार एवं घायल गोवंश के उपचार के लिए यह बदायूं का प्रथम चिकित्सालय होगा। गौमाता की सेवा में समर्पित युवा गोपालक सचिन भारद्वाज सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके निरंतर प्रयासों से ब्रह्मदत्त गोशालाधाम जनपद में गौसेवा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने चिकित्सालय निर्माण को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए समाज के लोगों और धर्मप्रेमियों से सहयोग की अपील की। गोपालक सचिन भारद्वाज ने बताया कि चिकित्सालय का उद्देश्य बीमार और घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।महोत्सव में विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल एवं पंजाबी मंदिर बदायूं के सहयोग से श्रीराधा-कृष्ण भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और राधा-कृष्ण के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। इसके साथ ही गोशालाधाम की व्यवस्थाओं और गौसेवा में योगदान देने वाले सहयोगियों एवं गोपालकों को सम्मानित किया गया।इसके बाद दिव्य गौपूजन और भव्य गौमहाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। महाआरती के उपरांत महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान गोदान की महत्ता बताते हुए लोगों से अपने प्रियजनों एवं वरिष्ठजनों के नाम पर गौदान करने तथा जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे मांगलिक अवसरों पर गौसेवा से जुड़ने का आह्वान किया गया।आयोजन के माध्यम से गौसंरक्षण, गौसेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया।इस मौके पर सुनील गुप्ता, अजय कुमार मिश्र, उमंग गुप्ता, आयुष अग्रवाल, दीपक रस्तोगी, सचित वैश्य, अम्बुज वैश्य, राहुल चौबे, अशोक भारतीय, पंकज शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, इन्द्रेश रस्तोगी, गिरधारी राठौर, दीपमाला गोयल, राकेश गुलाटी, भीमसेन सागर, तुलसीराम, शरद सक्सेना सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
बदायूँ में गोपाष्टमी पर ब्रह्मदत्त गोशालाधाम में उमड़ा गोप्रेमियों का सैलाब, भव्य गौमहाआरती से भक्तिमय हुआ वातावरण

7K views

























































































