बदायूं। रूहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक मेला ककोड़ा का मंगलवार को मां ककोड़ा देवी मंदिर से लाई गई झंडी के विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर गंगा तट पर स्थापना के साथ शुभारंभ हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने गंगा पूजन और हवन कर मेले के सफल आयोजन की कामना की। इस दौरान पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव एवं अपर मुख्य अधिकारी विनोद सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। झंडी पूजन के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेला ककोड़ा पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले में श्रद्धालुओं और दुकानदारों का पहुंचना शुरू हो गया है। गंगा तट पर जगह-जगह डेरे और तंबू लगाए जा रहे हैं। 23 नवंबर को मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य गंगा स्नान संपन्न होगा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेला एक दिसंबर तक चलेगा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक पुलिस एवं यातायात व्यवस्था की गई है। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन में विभाजित किया गया है तथा यातायात के लिए अलग जोन निर्धारित किया गया है। विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। गंगा स्नान के लिए सुरक्षित क्षेत्र चिह्नित किया गया है, जहां पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों की तैनाती रहेगी। झूलों की सुरक्षा जांच भी कराई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मिशन शक्ति केंद्र और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। मेला थाना एवं पुलिस चौकियों के माध्यम से 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी, मोबाइल एंबुलेंस तथा मोबाइल फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्नान क्षेत्र में ही स्नान करने और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बताया कि मेले में स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। साफ-सफाई के लिए 24 घंटे सफाई कर्मियों की टीमें तैनात रहेंगी। पेयजल के लिए मोबाइल वाटर टैंकर, मोबाइल शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। चिकित्सा सुविधा के लिए 10 बेड का अस्थायी अस्पताल और लेबर रूम तैयार किया गया है। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा गंगा की पवित्र धारा में कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक न डालने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि मेला क्षेत्र और गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर एवं मेला अधिकारी साई आश्रित शखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, थाना प्रभारी कादरचौक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बदायूँ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच झंडी पूजन के साथ मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का शुभारंभ

6.6K views

























































































