6.8K views
बदायूँ। विद्या भारती से संबद्ध शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर, सिविल लाइन्स, में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें भैया-बहिनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न क्रय-विक्रय स्टॉलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पार्चन एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। प्रथम चरण में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में कार्यक्रम अध्यक्ष राहुल शर्मा, मुख्य वक्ता अनुराग मिश्रा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। इस दौरान भैया-बहिनों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों, गीतों एवं बाल दिवस पर अपने विचारों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य वक्ता अनुराग मिश्रा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी बच्चों को अत्यंत प्रिय थे और बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। इसी कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने सभी भैया-बहिनों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों के सर्वांगीण विकास, अच्छे संस्कार एवं सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने का अवसर है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अच्छे आचरण एवं कार्यव्यवहार से माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष राहुल शर्मा ने भी भैया-बहिनों को शुभकामनाएं देते हुए प्रेरक पंक्तियों— "लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल। मंजिल तेरे पद चूमेगी, आज नहीं तो कल।" के माध्यम से उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
मंचीय कार्यक्रम के उपरान्त सभी कक्षाओं के भैया-बहिनों के लिए खो-खो, कबड्डी, नेता की खोज एवं शेर-बकरी सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विद्यालय परिसर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बदायूँ के नगर प्रचारक श्री तुलसी दास जी राज ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य प्रभाकर शर्मा, शिव देवी विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बाल मेले में भैया-बहिनों ने चाट-पकौड़ी, पानी-पूरी, नमकीन-बिस्कुट, जलजीरा, भेलपुरी, चाय, स्टेशनरी एवं खिलौनों सहित विभिन्न वस्तुओं के बिक्री स्टॉल लगाए। इसके साथ ही निःशुल्क जल प्याऊ की व्यवस्था भी की गई। बच्चों ने अपनी पसंद के स्टॉलों से स्वतंत्र रूप से खरीदारी की। मेले में पानी-पूरी (गोलगप्पे) एवं भेलपुरी के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के उत्साह और खरीदारी के चलते मेले के समापन तक लगभग सभी स्टॉलों पर रखी सामग्री बिक गई।
बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त करने का भी अवसर मिला। भैया-बहिनों ने स्वयं क्रय-विक्रय करते हुए गणितीय गणना, लेन-देन, लाभ-हानि तथा धन के उचित प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस प्रकार मेले ने बच्चों में आत्मविश्वास, स्वावलम्बन, सहयोग एवं उद्यमशीलता जैसे गुणों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी आचार्य लाला राम वर्मा ने बताया कि बाल मेले का आयोजन अत्यंत सफल एवं उत्साहवर्धक रहा। इस प्रकार के आयोजन बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं कौशल विकास को गति देने के साथ-साथ उन्हें व्यवहारिक जीवन के अनुभव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भैया-बहिनों के लिए इस प्रकार के और बेहतर एवं रचनात्मक आयोजनों का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य कौशल किशोर पाठक, भोलेनाथ पाठक, राकेश मिश्रा, सुबोध मिश्रा, रूपेंद्र सिंह, राजीव कुमार सिंह, अविलेश यादव, निरंजन सिंह, देवेंद्र सक्सेना, कु. आयुषी, रिया राजपूत, ज्योत्सना सिंह, पूजा शर्मा, अंचल पाठक, कंचन गुप्ता, प्रियंका सिंह, नूतन कुमारी एवं सुमन शर्मा सहित समस्त कर्मचारीगण का सराहनीय योगदान रहा।























