बिल्सी , यज्ञतीर्थ गुधनी में स्थित प्रज्ञा यज्ञ मंदिर में आर्य समाज का साप्ताहिक सत्संग श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सबके कल्याण एवं विश्व शांति की कामना के साथ ऋग्वेद के मंत्रों द्वारा वैदिक यज्ञ से हुआ। यज्ञ का संचालन पंडित प्रश्रय आर्य जय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने व्रत, उपवास और पूजा आदि विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूजा का वास्तविक अर्थ सत्कार करना, उत्तम व्यवहार करना तथा धर्मपूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करना है। उन्होंने कहा कि बाहरी आडंबरों से अधिक महत्वपूर्ण व्यक्ति का सदाचार और श्रेष्ठ व्यवहार है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप ने धर्म के वास्तविक स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म का कोई सटीक पर्यायवाची नहीं होता और न ही किसी अन्य भाषा में उसका पूर्ण अर्थ अनुवाद द्वारा व्यक्त किया जा सकता है। धर्म का मूल अर्थ कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और श्रेष्ठता के साथ पालन करते हैं, तो वास्तव में हम धार्मिक हैं। केवल धार्मिक चिह्नों को धारण कर लेने मात्र से कोई व्यक्ति धार्मिक नहीं बन जाता। आचार्य संजीव रूप ने कहा कि परोपकार की भावना, सदाचार, सेवा, संयम, जितेन्द्रियता तथा सत्य का आचरण ही वास्तविक धार्मिकता के लक्षण हैं। छल-कपट, निंदा और चुगली से रहित व्यवहार करते हुए यदि हम व्यर्थ में क्रोध नहीं करते, किसी का हृदय नहीं दुखाते और दूसरों के प्रति सेवा एवं सद्भाव की भावना रखते हैं, तभी हम सच्चे अर्थों में धार्मिक कहलाने के अधिकारी हैं। कार्यक्रम में श्रीमती सूरजवती देवी, राकेश आर्य, श्रीमती लीलावती देवी, विचित्रपाल सिंह, पंजाब सिंह, नरेश कुमार, संजय सिंह सहित आर्य संस्कारशाला के बच्चे उपस्थित रहे। संस्कारशाला के बच्चों में कुमारी कौशिकी आर्या, कुमारी पूर्वशी आर्या, कुमारी राधिका आर्या तथा नैवेद पाठक विशेष रूप से मौजूद रहे। सत्संग में उपस्थित श्रद्धालुओं ने वैदिक विचारों को आत्मसात करते हुए अपने जीवन में सदाचार, सेवा, सत्य और कर्तव्यपालन को अपनाने का संकल्प लिया।
धार्मिक चिन्ह नहीं सदाचार हमें धार्मिक बनाता है

6.4K views

























































































