वाराणसी: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को भव्य और दिव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार इस वर्ष काशी के अर्धचंद्राकार घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। इसके साथ ही 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर भव्य ‘गंगा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
अद्भुत लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी का आकर्षण 24 नवंबर की शाम देव दीपावली के मुख्य आयोजन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिकता और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा, वहीं चेत सिंह घाट पर आकर्षक लेजर शो के माध्यम से काशी की महिमा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, श्री काशी विश्वनाथ धाम के ठीक सामने गंगा पार रेती पर प्रदूषण मुक्त ‘ग्रीन आतिशबाजी’ की जाएगी।
गंगा में पहली बार ‘टू-वे लेन सिस्टम’ और कड़ा सुरक्षा घेरा नौका संचालन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए गंगा नदी में पहली बार ‘टू-वे लेन सिस्टम’ लागू किया जा रहा है, ताकि नावों के आपस में टकराने या जाम लगने की स्थिति न बने। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 27 वॉच टावर बनाए गए हैं और ड्रोन कैमरों से लगातार निगहबानी की जाएगी। पर्यटकों की सहायता और त्वरित गश्त के लिए पर्यटक पुलिस को ई-स्कूटर से लैस किया गया है।
ट्रैफिक प्लान: 7 बाहरी डायवर्जन और 31 पार्किंग स्थल देव दीपावली पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। शहर को जाम से बचाने के लिए 7 बाहरी डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं और वाहनों को खड़ा करने के लिए 31 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। आयोजन के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
स्वच्छता अभियान और मेडिकल ग्रीन कॉरिडोर आयोजन के दौरान और उसके बाद घाटों व शहर की सफाई बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, किसी भी चिकित्सीय आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके तहत शहर के 14 प्रमुख अस्पतालों को जोड़ते हुए एक विशेष ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया जाएगा, ताकि एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचा सकें।


























































































