बरेली । थाना आंवला पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक किलो 519 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों झारखंड से सस्ते दामों पर अफीम लाकर दूसरे राज्यों में बेचते थे। इस बार तीनों स्कॉर्पियो से अफीम लेकर पंजाब जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही आंवला पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बरामद अफीम की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। आंवला पुलिस ने भमोरा-बरेली मार्ग पर रमनगला गांव के पास से तीन अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक देर रात टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोतीपुरा गांव से पहले अधबनी दुकानों के पास एक स्कॉर्पियो के नजदीक तीन लोग अफीम लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक किलो 519 ग्राम अफीम मिली। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र शाकिर निवासी मऊ हाल अलीगंज अड्डे के पीछे रेलवे स्टेशन , अशरफ शाह पुत्र भूरे शाह निवासी मऊ हाल हैदरगंज थाना अलीगंज , अनीश पुत्र जातून शाह निवासी मऊ हाल हैदरगंज थाना अलीगंज निवासी के रूप में हुई है।