बदायूँ। आज डायट परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। एनसीसी विद्यार्थियों ने बैंड के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।शिविर में खादी एवं ग्रामोद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पंचायती राज, शिक्षा, बैंक, डूडा, विद्युत, श्रम, समाज कल्याण, महिला कल्याण, पुलिस और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनपद न्यायाधीश एवं अन्य अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को आवास एवं ट्रैक्टर की चाबियां भी सौंपी गईं। अग्निशमन विभाग ने आग से बचाव का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ज्वलंत विषयों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाना और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है। प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 134 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के 74 जनपदों में आयोजित मेगा कैंपों में 24 लाख 56 हजार 857 लोगों को लाभान्वित किया गया था। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय बलजोर सिंह, अपर जिला जज रिंकू जिंदल, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, परियोजना निदेशक सतेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बदायूँ में विधिक सहायता शिविर में 134 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

6.2K views

























































































