बरेली। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने वेतन समय पर न मिलने, पूरा भुगतान नहीं किए जाने और पीएफ व ईएसआई की सुविधाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सोनू ठाकुर और आशीष बाल्मीकि के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनसे पूरी मेहनत के साथ काम कराया जाता है, लेकिन उन्हें निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिलता। कई बार वेतन रोककर दिया जाता है, जिससे परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई और मकान का किराया देने में परेशानी होती है। कर्मचारियों का दावा है कि वेतन के लिए निर्धारित धनराशि के बावजूद उन्हें मात्र 8,800 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने वेतन संबंधी अभिलेखों की जांच कराकर नियमानुसार पूरा भुगतान कराने की मांग की।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे महीने में 30 दिन काम कराया जाता है, लेकिन वेतन केवल 26 दिनों का दिया जाता है। इसके अलावा भविष्य निधि (पीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार अंशदान जमा करने में भी अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, वेतन रजिस्टर और भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में अनूप, अतुल और एचके राय नामक अधिकारियों पर कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की धमकी देने, गाली-गलौज करने और दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर संबंधित विभाग में पहुंचते हैं, तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कहने पर भी नौकरी से हटाने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने, पीएफ और ईएसआई का लाभ दिलाने तथा शिकायत करने वाले कर्मचारियों को प्रताड़ित किए जाने से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वेतन और नौकरी की अनिश्चितता के कारण कर्मचारी मानसिक तनाव में हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की अपील की।
नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने वेतन और पीएफ की अनियमितताओं को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

6.3K views

























































































