बदायूं। विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2026-27 के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, बदायूं के तत्वावधान में बुधवार को डाइट ऑडिटोरियम में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला (आईएएस) रहीं। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। युवा उत्सव में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, कविता लेखन, पेंटिंग और लोकनृत्य सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कला, संस्कृति और रचनात्मकता के विविध रंग बिखेरे। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता में जीत या हार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनमें भागीदारी और प्रतिभा को निखारने का अवसर अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में ऐसे कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को समाज से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि लोगों का जुड़ाव अपनी कला, संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों से बना रहे तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी विधाओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलता रहे।
प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में एसके इंटर कॉलेज, बदायूं ने प्रथम तथा केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत समूह प्रतियोगिता में देवकीनंदन स्मारक इंटर कॉलेज, वजीरगंज ने प्रथम, एनआर इंटर कॉलेज, वजीरगंज ने द्वितीय तथा दास कॉलेज की छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कविता लेखन प्रतियोगिता में रोहित गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में केदारनाथ इंटर कॉलेज की असमीजा प्रथम रहीं। लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बदायूं की छात्राओं ने प्रथम, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने द्वितीय तथा भगवान परशुराम इंटर कॉलेज की छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री हरि प्रेम के नेतृत्व में किया गया। निर्णायक मंडल में कला विशेषज्ञ मो. अब्बास, संगीत विशेषज्ञ डॉ. अक्षत अशेष, वरिष्ठ कलाकार मधु राकेश, निर्मला उपाध्याय और पेंटिंग विशेषज्ञ आशुतोष शामिल रहे। इस अवसर पर राहुल चौबे, शाहनवाज, पंकज शर्मा, नितेश वार्ष्णेय सहित जनपद के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल पाल, विकास नारायण शर्मा, हिम्मत सिंह, मनोज कुमार, नरेंद्र कुमार, अनुज कुमार, कांति प्रसाद तथा कार्यक्रम प्रभारी रंजीत सिंह उपस्थित रहे।


























































































