बरेली। खाद की किल्लत, बेरोजगारी, महंगाई, राशन कार्डों में अनियमितता, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, आउटसोर्स कर्मचारियों के शोषण, गोवंश की दुर्दशा समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम को सौंपा। ज्ञापन जिला अध्यक्ष डॉ. मोहित भारद्वाज के नेतृत्व में दिया गया। डॉ. मोहित भारद्वाज ने कहा कि बरेली सहित पूरे उत्तर प्रदेश में किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा, विद्यार्थी तथा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अनेक आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने किसानों को यूरिया और डीएपी निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में सरकारी रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती और विभागवार भर्ती कैलेंडर जारी करने, पेपर लीक व नकल की स्वतंत्र जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। आउटसोर्स कर्मचारियों को उचित वेतन, समय पर भुगतान और सेवा सुरक्षा देने की भी मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि गलत तरीके से चार पहिया वाहन दर्ज होने के कारण जिन पात्र गरीब परिवारों के राशन कार्ड काटे गए हैं, उनका भौतिक सत्यापन कर कार्ड बहाल किए जाएं। बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल का उचित मुआवजा और गरीब परिवारों को राशन, पेंशन, आवास व स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कान्हा उपवन में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, पानी और चिकित्सा व्यवस्था तथा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी शामिल रही। वहीं कैनविज प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच, जरूरत पड़ने पर स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से जांच और पीड़ितों की रकम वापस कराने की मांग की गई। इसके अलावा पुराने वैट बकाये पर ब्याज में राहत के लिए ओटीएस लागू करने, महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण, किसानों के लंबित भुगतान, सड़क, जलभराव, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान हिमांशु राज , गौरव यादव, ऋषिपाल सिंह यादव , आकाश यादव , फईम मिर्जा , रियाजुल , डॉक्टर अरविंद यादव , लोधी महेंद्र सिंह यादव, विजय सिंह , अमित श्रीवास्तव , रोहित सिंह दिनकर , विनय यादव , मुजीब रजा , प्रशांत सिंह , दीपक यादव , शिवम यादव , लक्की यादव , हर्षित यादव , रोहित यादव ,तुषार शर्मा, अरुण साहू, अन्नू आदि मौजूद थे।
खाद की किल्लत, पेपर लीक , किसानों को मुआवजा आवारा पशु सहित कई जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

6.8K views

























































































