बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा क्षेत्र में पहली बार सफल हृदय प्रत्यारोपण किया गया। फोर्टिस अस्पताल नोएडा में 56 वर्षीय तपस कुमार डे का हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया। सर्जरी चेयरमैन, कार्डियक साइंसेज डॉ. अजय कौल के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने की। तपस लंबे समय से गंभीर हार्ट फेलियर से जूझ रहे थे। बार-बार अस्पताल में भर्ती होने और सांस लेने में परेशानी के बावजूद दवाओं से उनकी स्थिति नियंत्रित नहीं हो पा रही थी। इसके बाद उन्हें हृदय प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा सूची में रखा गया। इसी दौरान पंचकुला में डोनर हार्ट उपलब्ध हुआ। हृदय को कम समय में नोएडा पहुंचाने के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, ट्रांसप्लांट टीम, एयरपोर्ट प्राधिकरण और NOTTO के समन्वय से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। हृदय को हवाई मार्ग से हिंडन एयरपोर्ट लाया गया और वहां से फोर्टिस अस्पताल नोएडा तक महज 16 मिनट में पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही प्रत्यारोपण प्रक्रिया शुरू की गई और करीब एक घंटे में सर्जरी पूरी हो गई। मरीज को फिलहाल विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है। तपस ने डोनर परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नया हृदय मिलना उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। अस्पताल प्रबंधन ने इस सफलता में सहयोग देने वाली सभी एजेंसियों और डोनर परिवार का आभार व्यक्त किया।