बदायूँ। राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति विश्नोई, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राशेदा खातून और डॉ. जुनेद आलम ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता और निरंतर संवाद आवश्यक है। डॉ. संजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या बन गया है। इसके कारण बड़ी संख्या में युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे व्यक्ति के जीवन, स्वास्थ्य और परिवार को प्रभावित करता है। युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। डॉ. जुनेद आलम ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए मजबूत इच्छाशक्ति के साथ सही मार्गदर्शन और परिवार एवं समाज के सहयोग की आवश्यकता है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें तो वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। डॉ. राशेदा खातून ने कहा कि नशे का सेवन व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर छात्र जुबेर बेग ने कविता के माध्यम से नशा उन्मूलन का संदेश देते हुए अपने विचार साझा किए। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति विश्नोई ने कहा कि मादक पदार्थों के लगातार सेवन से व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जन-जन को जागरूक करे और समाज में सकारात्मक वातावरण एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में योगदान दे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति विश्नोई ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पवी मिश्रा, सृष्टि, शीतल, कोमल, काजल, अदिति, प्रियंका, शिवकुमार, ओम कुमार, ऋषभ, अमन, राकेश, अजय सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सहयोग प्रदान किया।
राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में सेवा संकल्प अभियान के तहत नशा मुक्ति पर संगोष्ठी हुई, शपथग्रहण कराई

7K views

























































































