बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को बदायूं जनपद पहुंची। जनपद में प्रवेश करते ही विभिन्न स्थानों पर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर सेवायात्रियों का अभिनंदन किया।
यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनपद में स्वागत एवं अन्य आयोजनों के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने यात्रा के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन तथा जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया था। दोनों नोडल अधिकारियों की देखरेख में यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया।सेवा संकल्प यात्रा के रूट-7 के सेवायात्रियों का जरीफनगर और सहसवान में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित मंडल अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर सेवायात्रियों का स्वागत-अभिनंदन किया। इसके अलावा बिसौली क्षेत्र में ओरछी चौराहा, फैजगंज और मुड़िया सहित विभिन्न स्थानों पर भी यात्रा का स्वागत किया गया। वहीं उझानी के रास्ते जनपद में पहुंची दूसरी यात्रा का भी स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ अभिनंदन किया। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों के दौरान लोगों की सहभागिता दिखाई दी। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल के दौरान संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ लोगों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, चौपाल, वृक्षारोपण और जनसंवाद सहित जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

स्वागत कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के भाव को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। विभिन्न स्थानों पर यात्रा के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।


























































































