दातागंज/बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत बुधवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय सत्यवती देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज, ढिलवारी में छात्र-छात्राओं के हित में विशेष पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कॉलेज परिसर पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने छात्र-छात्राओं को उपयोगी पाठ्य-पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया। पुस्तकें पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान विधायक ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र और समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान प्राप्त करने का साधन नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्ति के चरित्र निर्माण और जीवन की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आधुनिक तकनीक के दौर में भी पुस्तकों के अध्ययन और स्वाध्याय की आदत विद्यार्थियों को बौद्धिक रूप से मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहायक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से लगन, निष्ठा और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने क्षेत्र, परिवार और देश का नाम रोशन करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास में निरंतर सहयोग करने की अपील की। विद्यालय परिवार ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित पुस्तक वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान में विधायक बब्बू भैया ने विद्यार्थियों को बांटीं पुस्तकें, बोले—शिक्षा ही राष्ट्र की प्रगति की मजबूत नींव

6.7K views

























































































