दातागंज (बदायूं)। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश शासन की विधायन समिति के सभापति राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सहयोग से आयोजित शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। वहीं गंभीर नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि जनसेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। विधायक ने कहा कि आंखें ईश्वर का दिया हुआ अनमोल उपहार हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से लोगों को घर के नजदीक ही जांच और उपचार की सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि दातागंज का सर्वांगीण विकास और क्षेत्र के प्रत्येक परिवार की खुशहाली उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम और स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर से हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों की नियमित जांच कराने तथा नेत्र संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। शिविर में जांच कराने पहुंचे लोगों ने निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आयोजकों का आभार जताया।
दातागंज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लगा विशाल नेत्र परीक्षण शिविर, सैकड़ों लोगों की हुई आंखों की जांच

7.5K views

























































































