बदायूं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं को लेकर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को शिकायत पत्र भेजा गया है। शिकायत पत्र में सीएचसी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार सीएचसी सैदपुर, ब्लॉक वजीरगंज में भ्रष्टाचार और परिवारवाद की जड़ें गहरी होने का आरोप लगाया गया है। पत्र में तैनात एमओआईसी डॉ. जुनेद मेहंदी और बीपीएम नवेद अहमद पर अस्पताल के वातावरण को कथित रूप से प्रभावित करने तथा स्टाफ के लोगों को घर बैठाकर उनके खातों में पैसा मंगाए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित कर्मचारियों के खातों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों के खातों की भी जांच कराने की मांग की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक ही परिवार के चार लोग करीब एक दशक से सीएचसी में तैनात हैं। इसमें बीपीएम नवेद अहमद की पत्नी मरयम को स्टाफ नर्स, मरयम की बहन नाजिया को स्टाफ नर्स तथा दूसरी बहन तूबा बीबी को एएनएम बताया गया है। शिकायतकर्ता ने इन नियुक्तियों और लंबे समय से तैनाती की भी जांच की मांग की है।
शिकायत पत्र में सीएचसी के वातावरण को कथित रूप से दूषित किए जाने का आरोप लगाते हुए बीसीपीएम रूप किशोर और बीपीएम नवेद अहमद पर बजट के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा कोल्ड चेन में रखे जाने वाले जनरेटर को केवल दिखावे के लिए रखने तथा कोल्ड चेन में रखी वैक्सीन को बाजार में बेचने का भी आरोप शिकायत पत्र में लगाया गया है। प्रसव कराने वाली लाभार्थियों के परिवार से कथित रूप से पैसे लिए जाने और मरीजों को निर्धारित डायट नहीं मिलने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 वर्षों से मरीजों को दो-तीन दिन दिखाकर संबंधित धनराशि के बंदरबांट की जा रही है। शिकायतकर्ता ने निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अभिलेख एवं बैंक खातों की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। अब जांच के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
सैदपुर सीएचसी में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप, जांच की मांग

6.7K views

























































































