बरेली। पवित्र श्राद्ध पक्ष के शुभारंभ पर शनिवार को भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, बरेली के आह्वान पर परशुराम गंगा तट पर सामूहिक तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामगंगा तट पर पहुंचे और विधि-विधान से पितरों का तर्पण किया। श्रीमती जयदेवी संस्कृत विद्यालय रामगंगा तथा श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुलम, ग्रीन वैली कॉलोनी करगैना के विद्वान आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक सनातन परंपरा के अनुसार श्राद्ध कर्म संपन्न कराया गया। आचार्य ब्रह्मस्वरूप, आचार्य अनिल शर्मा, आचार्य मुनीश शर्मा और आचार्य हिमांशु शर्मा ने श्रद्धालुओं को धार्मिक विधियों का पालन कराया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पवित्री धारण की। इसके बाद चावल और जौ से देवताओं का पूजन करते हुए जलदान किया। तत्पश्चात काले तिल के माध्यम से पूर्वजों को तीन-तीन अंजुली जल अर्पित किया गया। आचार्य ब्रह्मस्वरूप ने पितरों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्राद्ध पक्ष में तर्पण को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गजेन्द्र पाण्डेय, अजय चतुर्वेदी, रामकुमार उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह, रमेश तिवारी, दिव्य चतुर्वेदी, माधव शर्मा, अमित शर्मा, प्रेम शंकर शर्मा और सुनील शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।