बरेली। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत नगर निगम बरेली के सौजन्य से वार्ड संख्या 18 रेलवे कॉलोनी में इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पिंक टॉयलेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व स्थानीय पार्षद सुधा सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार के बड़े भाई एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार एडवोकेट शामिल हुए। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश प्रताप सिंह ने भी कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर पार्षद सुधा सक्सेना ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों और पिंक टॉयलेट को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से टॉयलेट का उपयोग करने के बाद फ्लश करने, टॉयलेट सीट पर चढ़कर न बैठने, बीड़ी-सिगरेट, पान-गुटखे के रैपर व अन्य कूड़ा डस्टबिन में डालने, दीवारों पर न थूकने तथा पानी का नल उपयोग के बाद बंद करने की अपील की।उन्होंने कहा कि खुले में शौच से मुक्ति और नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी से ही शहर को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने “स्वच्छ बरेली, स्वस्थ बरेली” के संकल्प को दोहराते हुए नागरिकों से अभियान में निरंतर सहयोग की अपील की।अभियान में भाजपा मंडल महामंत्री कौशिक गंगवार, सेक्टर संयोजक वीरेंद्र चौहान, बूथ अध्यक्ष हर्ष सचान, बलवंत, आराधना शर्मा, भाग्यवती, अंजू भारद्वाज, शीला कौर, पार्षद हरिओम गौतम, आकाश गंगवार, सोनू, रिंकी, पिंकी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्वच्छता कर्मी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।