बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘समर्थ मॉड्यूल’ आधारित प्रशिक्षण के तृतीय चरण का मंगलवार को विधिवत समापन हुआ। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से आए प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग कर विद्यालय प्रबंधन एवं नेतृत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
समापन अवसर पर डायट प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशलों को विद्यालयों में धरातल पर लागू कर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाए। प्रधानाध्यापक अपने नेतृत्व कौशल के माध्यम से विद्यालय का वातावरण बच्चों के अनुकूल बनाएं। साथ ही पत्रावलियों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के साथ ही तनावमुक्त होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कुशल नेतृत्वकर्ता की तरह सभी सहयोगी शिक्षकों को साथ लेकर निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण नोडल डॉ. अमिता सिंह ने कहा कि समर्थ मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण से विद्यालयों के समग्र प्रबंधन में व्यापक सुधार आएगा। प्रधानाध्यापक योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए विद्यालयों में बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे। उन्होंने प्रधानाध्यापकों के दायित्व बोध तथा समय-समय पर नवीन विधाओं एवं तकनीकों से स्वयं को अद्यतन रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण की शुरुआत प्रार्थना एवं प्री-टेस्ट के साथ हुई। प्रथम दिवस संदर्भदाता प्रभात कुमार ने प्रधानाध्यापक की भूमिका, राजवीर सिंह ने संसाधन प्रबंधन, प्रभाकर सक्सेना ने अंतर-विभागीय समन्वय तथा अनुज सक्सेना ने मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलबीइंग विषय पर जानकारी दी।
द्वितीय दिवस फरहत हुसैन ने सामुदायिक सहभागिता, आमिर फारूक ने विद्यालय उन्नयन, राजीव जौहरी ने वित्तीय कार्य एवं प्रबंधन तथा अजीत रस्तोगी ने कुशल नेतृत्वकर्ता के गुणों पर प्रशिक्षण दिया। अंतिम दिन प्रभाकर सक्सेना ने प्रारंभिक हस्तक्षेप की भूमिका, अनुज सक्सेना ने मानसिक स्वास्थ्य परामर्श एवं प्रबंधन तथा राजवीर सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं चर्चा विषय पर जानकारी साझा की।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों का पोस्ट-टेस्ट लिया गया। इसके बाद सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रशिक्षण का औपचारिक समापन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मो. राशिद कादरी, कुंवरसेन, कामरान, जीशान, डॉ. जुगल किशोर, डॉ. दीपिका सिंह, सचिन सक्सेना, परवेज अनवर, बीपी गौतम, वीरेंद्र यादव, राजीव शर्मा, राधेश्याम, सादिक अली, बबिता बब्बर, पुष्पांजलि, विवेक जैन, रामगोपाल, सुधीर यादव, कंचन सक्सेना, अशोक कुमार, प्रवीण कुमार, फरहा अबरार और ब्रजेश यादव मौजूद रहे।
समर्थ मॉड्यूल आधारित तीन दिवसीय प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण का तृतीय चरण संपन्न, विद्यालयों में बेहतर प्रबंधन और शैक्षिक वातावरण पर दिया जोर


























































































