बरेली। बी.बी.एल. पब्लिक स्कूल, पीलीभीत रोड शाखा में द्वितीय श्री के.के. अग्रवाल इंटर-स्कूल बैडमिंटन टूर्नामेंट को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 अगस्त तक बी.बी.एल. पब्लिक स्कूल परिसर में होगा। यह टूर्नामेंट बरेली जिला बैडमिंटन संघ और बी.बी.एल. पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 29 अगस्त को सुबह 9 बजे आईपीएस अनुष्का वर्मा, पुलिस अधीक्षक (दक्षिण), करेंगी। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 31 अगस्त को सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सर्वेश कुमार अग्रवाल विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। आयोजन सचिव विनय शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बरेली जनपद के सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 27 विद्यालयों की लगभग 352 खिलाड़ी भाग लेंगे। बालक और बालिका दोनों वर्गों में मुकाबले होंगे। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना, खेल भावना को बढ़ावा देना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करना है। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानाचार्य सर्वेश शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी दीपक गुप्ता , आयोजन सचिव विनय शर्मा, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डीएल खट्टर , एवं सचिव अनिल मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।