बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली में बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति स्टेडियम प्रीमियर लीग-2026 का सोमवार को शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में नाथ नगरी किंग ने रोमांचक मुकाबले में बांसुरी ब्लास्टर को चार रन से हराकर जीत दर्ज की।टॉस जीतकर नाथ नगरी किंग के कप्तान बंटी मौर्य ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। नाथ नगरी की टीम ने 18.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 146 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन ने 39, विशाल वर्मा ने 32, शौर्यमन पाठक ने 26 और कप्तान बंटी मौर्य ने 19 रन बनाए। बांसुरी ब्लास्टर की ओर से गेंदबाजी करते हुए सूरज सैनी ने चार विकेट, जबकि अंकुर और कुशाग्र सागर ने दो-दो विकेट हासिल किए।147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांसुरी ब्लास्टर की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी। बांसुरी ब्लास्टर की ओर से असद ने महज 15 गेंदों में 45 रन की नाबाद शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। इसके अलावा कुशाग्र ने 38 और मोहित पाल ने 13 रन का योगदान दिया।नाथ नगरी किंग की ओर से गेंदबाजी में युवराज गौतम और अंशुमन ने दो-दो विकेट लिए। मोहित यादव, विशाल वर्मा और आकाश कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया।
खिलाड़ियों से कराया परिचय
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि बरेली के मेयर उमेश गौतम, स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी के सुपुत्र ईशान ग्वाल तथा बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सीताराम सक्सेना, मुस्तकीम खान और शिवम पटेल आदि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर बरेली को अच्छे खिलाड़ी देने में योगदान के लिए पूर्व क्रिकेट प्रशिक्षक ओपी कोहली, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी नसीम अख्तर एवं पूर्व खिलाड़ी आकाश कुमार को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मोहम्मद कमर, अनुज शर्मा, अब्दुल जीशान, अनिल गिरी, निखिल पांडे, राहुल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।आयोजन से जुड़े नितेश भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार को टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 8:30 बजे और दूसरा मुकाबला दोपहर 1:00 बजे से खेला जाएगा।
नाथ नगरी किंग ने चार रन से जीता उद्घाटन मुकाबला

7K views

























































































