उझानी । नगर की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ रविवार को परंपरागत झंडी पूजन के साथ हुआ। मोहल्ला खेड़ापति में श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान वेदाचार्यों से झंडी पूजन कराया गया। झंडी पूजन के बाद राम दरबार की भव्य झांकी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। सबसे आगे बजरंगबली की अगुवाई में रथ चल रहा था, जिसे देखकर पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया और लोगों को पता चल गया कि रामलीला का पावन पर्व शुरू हो गया है। नगर के बुजुर्गों के अनुसार यह परंपरा रामलीला की शुरुआत से ही चली आ रही है। मान्यता है कि खेड़ापति मोहल्ला में झंडी पूजन के बाद राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता और हनुमान जी का स्वरूप धारण करने वाले बच्चों का हवन-पूजन और आरती कर उन्हें रथ पर विराजमान कराया जाता है। राम दरबार की यह रथ यात्रा प्रतिदिन बैंड-बाजों के साथ निकलती है। बाजार में जगह-जगह दुकानदार भगवान के स्वरूपों की आरती उतारते हैं और प्रसाद वितरण करते हैं। भ्रमण के बाद रथ दूसरे मार्ग से होते हुए पुनः खेड़ापति मोहल्ला लौट आता है। यह दिव्य क्रम भगवान श्रीराम के राजतिलक तक अनवरत जारी रहेगा। परंपरा के अनुसार पहले पांच दिन राम बारात तक बाल स्वरूप राजसी वस्त्रों में दर्शन देंगे, जबकि वनवास लीला के बाद से वे पीले वनवासी वेष में भक्तों को दर्शन देंगे। आज उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए नगर में झंडी पूजन के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जहां जगह जगह लोगों ने पुष्प बर्षा, आरती कर शोभायात्रा में शामिल राम दरबार की झांकी का स्वागत कर जयश्री राम के जयकारे लगाऐ। इस मौके पर कामधेनु गौशाला कमेटी के अध्यक्ष रतन कुमार जिंदल, रामलीला कमेटी के महामंत्री अरविंद शाक्य, कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धनसुख अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप सक्सेना, ललित कुमार वार्ष्णेय, अनमोल गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, अर्जित जैन,राजेन्द्र प्रसाद बाबा, देवेश गुलाटी, सुनील सचदेवा, दीपक वार्ष्णेय, धर्मवीर यादव ,विवेक राष्ट्रवादी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु।
उझानी में झंडी पूजन के साथ निकली बजरंगबली संग राम दरबार की झांकी, ऐतिहासिक रामलीला का श्री गणेश।

6.3K views

























































































