बरेली। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा और मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे जननायक बी.पी. मंडल की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बी.पी. मंडल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि “बी.पी. मंडल जी ने सामाजिक न्याय की जो अलख जगाई, अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उसे आगे बढ़ा रही है।” उन्होंने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशें सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक बदलाव थीं और आज भी वंचित वर्गों को समान अवसर व प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई जारी है।महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि बी.पी. मंडल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की विचारधारा हैं। पूर्व विधायक सुल्तान बेग और राजकुमार पाल ने कार्यकर्ताओं से मंडल जी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने और संविधान व सामाजिक न्याय के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।सुरेंद्र सोनकर, चौधरी बृजेंद्र सिंह, राजेश अग्रवाल और नरेश सोलंकी ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के सभी वर्गों को उचित भागीदारी और सम्मान मिलेगा।कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।