बदायूँ। राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन 24 व 25 अगस्त को सभी मंडलों के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्टेडियम में किया गया। इसमें पावरलिफ्टिंग का ट्रायल गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस ट्रायल में राजकीय पॉलीटेक्निक, बदायूँ के प्रवक्ता प्रदीप कुमार ने अपना शानदार दमखम दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। इसी के साथ उन्होंने लगातार दूसरी बार ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज नेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता (2026-27) के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।प्रदीप कुमार ने 93 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 680 किलोग्राम वजन उठाया। इसमें उन्होंने 260 किलो स्क्वाट, 170 किलो बेंच प्रेस और 250 किलो डेडलिफ्ट लगाकर अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया।गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी प्रदीप कुमार ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में स्टेट जीतकर नेशनल में उत्तर प्रदेश की टीम से प्रतिभाग किया था, जहाँ उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। लगातार दूसरी बार नेशनल टीम के लिए चयनित होने पर प्रदीप ने कहा कि इस बार उनका एकमात्र लक्ष्य नेशनल स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर विभाग का, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करना है।