बदायूँ। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं मानदेय में वृद्धि की घोषणा के अवसर पर रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, कलेक्ट्रेट बदायूँ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण सुना। मुख्यमंत्री ने रसोइयों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा दिए जाने तथा उनके मानदेय को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की।सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ना सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल है। इससे पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल सकेगा। उन्होंने मानदेय वृद्धि के लिए रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को शुद्ध एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी। इस दौरान रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चेक प्रदान कर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं रसोइयों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कामिनी राठौर ने किया।