बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश शाक्य ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। मुलाकात के दौरान विधायक ने बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्टेडियम के निर्माण की मांग प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। विधायक हरीश शाक्य ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे जनपदों एवं शहरों में जाना पड़ता है। संसाधनों और उचित खेल सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की अनेक प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम का निर्माण होने से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ी जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर बिल्सी का नाम रोशन कर सकेंगे। विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सकारात्मक आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक विषयों पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।