लखनऊ। विधान भवन के कक्ष संख्या-48 में उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रतिनिहित विधायन समिति की महत्वपूर्ण बैठक समिति के सभापति एवं दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं, शहरी विकास तथा आवास से संबंधित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई। समिति ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के विशेष सचिव राजेश कुमार राय और मनोज कुमार, संयुक्त सचिव गिरीश चंद्र मिश्रा, उप सचिव वी.पी. नागेश एवं ममता श्रीवास्तव, अनुसचिव राम निहोर, अनुभाग अधिकारियों विमलेश कुमार सिंह, दुर्गा पाठक, राज कुमार सिंह और दिलीप कुमार गुप्ता सहित उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद तथा विभिन्न विकास प्राधिकरणों के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभापति राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ ने कहा कि प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास के साथ आमजन को बेहतर आवासीय एवं नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा विभागीय कार्यों की निरंतर समीक्षा की जाएगी और जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा की।