बदायूँ। क्रीड़ाधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला खेल कार्यालय, बदायूँ द्वारा हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस (खेल दिवस) के अवसर पर 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की जिला स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता का आयोजन 29 अगस्त 2026 को प्रातः 9ः30 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम, बदायूँ के खेल मैदान में किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की इच्छुक हॉकी टीमें निःशुल्क प्रवेश के लिए 27 अगस्त 2026 की शाम 5ः00 बजे तक जिला खेल कार्यालय, बदायूँ में अपना पंजीकरण करा सकती हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक हॉकी टीम के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रदत्त आयु प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक हॉकी टीमें प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम, बदायूँ से संपर्क कर सकती हैं।