बरेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” और मिशन स्पंदन के तहत ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा परम आदरणीया दादी प्रकाशमणि की स्मृति में आयोजित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केन्द्र पर हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में पूर्व डीआईजी विकास वैध, मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष वीनू सिन्हा, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सक्सेना, मानव संसाधन नशा उन्मूलन केंद्र के संचालक विनय पटेल, एएनए मैनेजमेंट कॉलेज के चेयरमैन संजय आनंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।ब्रह्माकुमारी नीता दीदी ने बताया कि संस्था 140 देशों में 8,500 से अधिक सेवा केन्द्रों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों का प्रसार कर रही है। क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी पार्वती दीदी ने कहा कि आध्यात्मिकता ही व्यक्ति को नशे सहित सभी बुराइयों से दूर रखने की शक्ति देती है।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्था से जुड़कर नशा छोड़ने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। ब्रह्माकुमारी पारूल दीदी ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई, जबकि लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों का संदेश दिया गया। रजनी दीदी ने राजयोग मेडिटेशन कराया। आयोजकों ने बताया कि 6 से 20 अगस्त तक जिले के लगभग 30 विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और नशा मुक्ति केन्द्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जोड़कर स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।