बरेली। आगामी उर्स-ए-रज़वी के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और उर्स कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरेली मंडल के कमिश्नर और एडीजी ने की। इस दौरान डीआईजी रेंज, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दरगाह की ओर से हाजी जावेद खान, नासिर कुरैशी, औरंगजेब नूरी, परवेज़ नूरी, अजमल नूरी, नईम नूरी, हाजी शकील, शाद रज़ा तथा जमात रज़ा-ए-मुस्तफा की ओर से डॉ. मेहंदी हसन, मौलाना इंतेजार कादरी और हाफिज़ इकराम ने बैठक में भाग लिया। बैठक में उर्स की तैयारियों की समीक्षा की गई। दरगाह प्रतिनिधियों ने बारिश के कारण इस्लामिया मैदान में जलभराव और गड्ढों की समस्या से अवगत कराते हुए मैदान में रविश ईंटों की पटरियां बिछवाने की मांग की। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, लंगर, चादर जुलूस, परचम जुलूस तथा अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर वर्ष की तरह इस बार भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उर्स और अन्य धार्मिक आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।