बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर बरेली कैंट स्थित धोपेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को शिवसेना नाथ नगरी बरेली द्वारा चतुर्थ शिव महाआरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। संगठन की ओर से वर्ष 2004 से लगातार शिव महाआरती एवं सात नाथ परिक्रमा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत शिवसेना के जिला प्रभारी सोनू सिंह ने “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ महाआरती कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जिला संगठन मंत्री विजय बहुगुणा गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास में प्रत्येक व्यक्ति को भगवान शिव की आराधना करते हुए प्रतिदिन एक लोटा जल अर्पित करना चाहिए तथा रुद्राभिषेक कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए। महाआरती में बड़ी संख्या में शिवसैनिक एवं श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी श्री शैलेन्द्र नंद महाराज रहे। इस अवसर पर राजीव पांडे, संतोष सिंह, प्रभजोत कौर, आरती तिवारी, राकेश यादव, प्रीति सैनी, गीता मिश्रा, विश्व प्रताप सिंह, सुधीर शर्मा, आयुष वर्मा सहित सैकड़ों शिवसैनिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।