बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदायूं-बरेली रोड स्थित भमोरा बाईपास, आंवला में विशाल कांवड़ शिविर एवं भंडारे का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। शुभारंभ के बाद सभी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, संबंधित अधिकारी एवं मंदिर के पुजारीगण मौजूद रहे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृह, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, विशाल भंडारा, स्वच्छ पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने स्वयं कांवड़ यात्रियों को भोजन परोसकर उनका स्वागत किया और सफल एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।