बरेली। सावन माह के पहले सोमवार पर बरेली के प्रसिद्ध अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह करीब 3 बजे से ही मंदिर परिसर के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।हजारों शिवभक्तों और कांवड़ियों ने कछला गंगा से पवित्र गंगाजल लाकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया भक्तों ने शहद , फल ,दूध ,दही बेलपत्ती , भांग, धतूरा , बर्फी , काले तिल आदि चढ़ाकर पूजन किया । तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात रहा। वहीं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने, जल वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। प्रशासन और समाजसेवियों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक का पुण्य लाभ प्राप्त किया।