बरेली। सावन के पहले सोमवार पर त्रिवटीनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह 3 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और पूरा परिसर “बम-बम भोले” तथा “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। हजारों शिवभक्त कछला गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शहद, दूध, दही, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल, बर्फी, काले तिल सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और मंदिर समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। मंदिर से जुड़े संजीव औतार ने बताया कि त्रिवटीनाथ मंदिर अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले यहां घना जंगल हुआ करता था और इसी स्थान पर भगवान भोलेनाथ स्वयं प्रकट हुए थे। इसी कारण सावन माह में यहां दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।