डोहरा रोड परिसर के 10 वर्ष पूरे ,स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में बना भव्य ऑडिटोरियम समर्पित
बरेली। शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में विगत 79 से अधिक वर्षों से अग्रणी ‘श्री गुलाब राय विद्यालय समूह’ के नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। डोहरा रोड परिसर की स्थापना के 10 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के सुअवसर पर विद्यालय समूह ने एक नया अध्याय शुरू किया।विद्यालय समूह के यशस्वी संस्थापक एवं महान शिक्षाविद् स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल जी की पावन स्मृति में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निर्मित अत्याधुनिक और भव्य ‘बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय सभागार’ (मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम) का लोकार्पण संपन्न हो गया। इस भव्य सभागार का उद्घाटन झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के कर-कमलों द्वारा किया गया।इस अत्याधुनिक बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण विद्यार्थियों की प्रतिभा को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। इस परिसर में छात्रों के बौद्धिक, सांस्कृतिक और शारीरिक विकास के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। उद्घाटन के साथ ही यहाँ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, खेलकूद गतिविधियां और शैक्षिक संगोष्ठियां आयोजित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को एक नई दिशा मिली।
यह भव्य सभागार विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित किया गया। उनके द्वारा रोपा गया शिक्षा का यह पौधा आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। विद्यालय समूह पिछले लगभग आठ दशकों से न केवल उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि भावी पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का बीजारोपण भी करता आ रहा है। डोहरा रोड परिसर के 10 सफल वर्ष पूरे होने के मौके पर इस सभागार का निर्माण संस्थान की निरंतर प्रगति के प्रतीक के रूप में सामने आया।
समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर सभागार का विधिवत उद्घाटन किया एवं बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए शिक्षा जगत, राजनीति और समाज सेवा से जुड़ी कई गणमान्य हस्तियां कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राघवेन्द्र शर्मा विधायक, बिथरी चैनपुर , डॉ. हरी सिंह ढिल्लों विधायक, उ.प्र. विधान परिषद , दुर्विजय सिंह शाक्य विधायक , संजीव अग्रवाल विधायक, कैंट विधानसभा और डॉ. अरुण कुमार सक्सेना राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, उत्तर प्रदेश सरकार सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर विज्ञान शिक्षक लवी चाँदना द्वारा लिखित विचारोत्तेजक पुस्तक ‘अमीरी-गरीबी फ़र्क़ पैसों का या इंसान का’ का भव्य विमोचन संपन्न हुआ। यह पुस्तक समाज में धन और मानवीय दृष्टिकोण के बीच के अंतर को गहराई से रेखांकित करती है।इस भव्य आयोजन के अवसर पर श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल समूह के अध्यक्ष रवि अग्रवाल, संरक्षक माता उषा रानी अग्रवाल, प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य शील सक्सेना एवं सभी शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया और इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।















































































