बरेली। संस्कार भारती, बरेली महानगर (ब्रज प्रांत) की ओर से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सी.एस.ए. पब्लिक स्कूल में “नटराज पूजन, कला गुरु सम्मान एवं कला उत्सव-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नटराज के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, मां शारदे की वंदना और ध्येय गीत के साथ हुआ। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य देवेंद्र देव ने की, जबकि मुख्य अतिथि एडवोकेट अनिल सक्सेना रहे। उन्होंने भारतीय संस्कृति में गुरु की महत्ता बताते हुए संस्कार भारती के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर चित्रकला के क्षेत्र में डॉ. राजेन्द्र सिंह पुंडीर और शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में संजय सक्सेना को ‘कला गुरु सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कला उत्सव में छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत, गायन, वादन, भरतनाट्यम सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के संयोजक डी. प्रसाद (पप्पू वर्मा) ने सभी अतिथियों, कलाकारों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षक, समाजसेवी एवं कला प्रेमी मौजूद रहे।