बरेली। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अविनाश सिंह के निर्देश पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में तहसील आंवला, नवाबगंज, बहेड़ी और मीरगंज की नगर पालिका व नगर पंचायतों में नियुक्त नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को पीली नागरिक सुरक्षा जैकेट (एप्रिन) वितरित की गई। जैकेट का वितरण अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी ने किया। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बरेली पहला जनपद है, जहां नागरिक सुरक्षा का विस्तार तहसील स्तर तक कर नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। अपर जिलाधिकारी (नगर) ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का उद्देश्य नागरिकों द्वारा नागरिकों की रक्षा करना है और स्वयंसेवक आपदा एवं अन्य परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में चीफ वार्डन रंजीत कुमार वशिष्ठ सहित नागरिक सुरक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।