बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम भूड़ा निवासी सोहन लाल पुत्र डोरी लाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर शिव मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे सोहन लाल गांव के शिव मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान गांव के हसमत, शहजिल और आमान मंदिर में प्रवेश कर गए और मंदिर में स्थापित मूर्तियों पर क्रिकेट, बेडबॉल से प्रहार किया, जिससे मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गईं। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई। सोहन लाल का कहना है कि शोर सुनकर गांव के नीरज, आकाश, रोहित और ओमप्रकाश मौके पर पहुंच गए। विरोध किए जाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। शिकायत में अशफाक और सौकत पर भी घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने कहा कि इस घटना से गांव के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र में तनाव का माहौल है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि या पक्ष सामने नहीं आया था।