बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, मुड़िया चेतराम में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया इन्वर्टर और बैटरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 23 जून को चिकित्सालय के आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी (एएमओ) डॉ. यशी बाजपेई की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ थाना भोजीपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के गांव मुड़िया चेतराम जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से राजपाल पुत्र गंगाराम निवासी फरीदापुर जागीर, थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक इन्वर्टर और एक बैटरी बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब 20 दिन पहले रात में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय से इन्वर्टर, बैटरी, प्रिंटर, टेबल और सीसीटीवी कैमरे चोरी किए थे। उसने बताया कि अन्य सामान एक राह चलते कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि इन्वर्टर और बैटरी बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।