बरेली। अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजीपुरा पुलिस ने एक आरोपी को 4 किलो 795 ग्राम अवैध डोडा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नैनीताल हाईवे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इटौआ मोड़ से आगे राजीव ट्रेडर्स आरएमसी प्लांट के पास श्मशान भूमि जाने वाले कच्चे रास्ते से मोहम्मद इस्लाम पुत्र सली मोहम्मद, निवासी निर्भुआ थाना शेरगढ़ , हाल निवासी अंधी गौटिया, ईशापुर थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 4 किलो 795 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह डोडा हाईवे पर एक अज्ञात ट्रक चालक से खरीदा था और अधिक मुनाफे के लालच में राहगीरों को बेचने की फिराक में था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना भोजीपुरा में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक रंजीत सिंह, कांस्टेबल लक्की सिंह एवं विकास कुमार शामिल रहे।