बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अनिल शहीद गेट के पास नैनीताल रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे चल रही एक 50 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दुर्घटना में घायल बाइक सवार युवक की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहारीपुर थाना कोतवाली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास के निवासी अनिल कुमार का 23 वर्षीय पुत्र कार्तिक वैश्य कैलाश हॉस्पिटल में कार्यरत है। वह शनिवार को किसी काम से मोटरसाइकिल द्वारा भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति हॉस्पिटल जा रहा था। इसी दौरान इज्जतनगर क्षेत्र के अनिल शहीद गेट के पास नैनीताल रोड पर सुरेश नामक व्यक्ति की 50 वर्षीय पत्नी संगीता किसी कार्य से पैदल रोड किनारे जा रही थीं। तभी बरेली की ओर से आ रहे कार्तिक वैश्य की तेज रफ्तार बाइक ने संगीता को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में संगीता को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं दूसरी ओर, हादसे में मोटरसाइकिल सवार कार्तिक वैश्य भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है