बरेली में हुए दंगे के मामले में वांछित आरोपी मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग (58) को कैंट पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी स्थित उसके घर से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में दंगे से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 29 आरोपियों को नामजद किया गया था। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मोबीन बेग ने पिछले साल 19 सितंबर को फरीदापुर में हुई एक बैठक का जिक्र किया। उसने बताया कि बैठक में मौलाना तौकीर रजा मौजूद थे और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में जुटने और वहां हुई घटना के दौरान मौजूद रहने की बात भी बताई। ये बातें पुलिस द्वारा पूछताछ में दर्ज किए गए आरोपी के कथित बयान पर आधारित हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक संजय कुमार धीर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।