बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 5 किलो 505 ग्राम डोडा छिलका के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, थाना सुभाषनगर में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत अंशु उर्फ अनिकेत (22 वर्ष) पुत्र गब्बर, निवासी गणेशनगर, थाना सुभाषनगर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 किलो 505 ग्राम डोडा छिलका बरामद किया। थाना प्रभारी सुभाषनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर श्मशान भूमि रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोडा छिलका उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2025 में थाना कोतवाली, बरेली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।