बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने केंद्रीय कारागार से फरार 25 हजार रुपये के इनामी और आजीवन कारावास की सजा काट रहे सिद्धदोष बंदी दिनेश (23) को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, दिनेश निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली (अमरोहा) पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद केंद्रीय कारागार बरेली में बंद था। वह 22 जून को जेल की कृषि कमान से काम के दौरान फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार रात नैनीताल हाईवे स्थित रोड नंबर-8 के पास गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक खंडहर मकान की घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि घिरने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से भागने के बाद वह परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर छिपा हुआ था। वहीं से तमंचा लेकर अपने घर जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर पकड़े जाने के डर से उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस फरारी के दौरान उसकी मदद करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।