बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद द्वारा आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज, बरेली में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. तनु जैन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बरेली छावनी परिषद रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर वृक्षारोपण, योग, बैडमिंटन, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), हिट द स्टम्प्स, बेस्ट फ्रॉम वेस्ट आधारित नेल आर्ट तथा पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बरेली छावनी परिषद ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।