बरेली। सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से खानकाहे वामिकिया अशरफिया बरेली शरीफ के तत्वावधान में 4 जून को भव्य इज्तिमाई निकाह (सामूहिक विवाह) समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन हजरत सैय्यद असलम मियां वामिकी जीलानी अशरफी साहब की सरपरस्ती में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। समारोह शाम 4 बजे ताज पैलेस, मालियों की पुलिया में आयोजित होगा, जहां कई जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के धर्मगुरु, संत, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल होकर नव दंपतियों को आशीर्वाद देंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सर्वधर्म समभाव का संदेश देना है। समारोह में उलेमा, मशाइख, सूफी संतों सहित विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। खानकाहे वामिकिया अशरफिया और वामिकिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।